Search

सिकंदराबाद: सलेमपुर कायस्थ में स्वच्छता अभियान फेल,फैली गंदगी से ग्रामीण बेहाल

813 Views
सिकंदराबाद के सलेमपुर कायस्थ गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। गलियों में कूड़े के ढेर और गंदे नाले बीमारियों को न्योता दे रहे हैं, ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद नहीं हो रही कोई कार्रवाई।

सिकंदराबाद: स्वच्छता अभियान के दावों की पोल खोलती हुई तस्वीरें इस समय सिकंदराबाद ब्लॉक के सलेमपुर कायस्थ गांव से सामने आ रही हैं। गांव की प्रमुख सड़क और सार्वजनिक स्थल अब कूड़ाघरों में तब्दील हो गए हैं। हालात यह हैं कि कूड़ा न उठने और नालों की सफाई न होने से पूरे गांव में गंदगी का साम्राज्य फैला हुआ है।

गांव के मुख्य मार्गों  पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे ग्रामीणों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है। गंदे नाले और फैली गंदगी मानसून के इस मौसम में बीमारियों को न्योता दे रही है।

ग्रामीण विवेक अधाना का कहना है, “सरकार का स्वच्छता मिशन केवल पोस्टरों और कागजों तक सीमित है। गांव में हर ओर गंदगी फैली है, और नालों से कीचड़ सड़कों पर बह रहा है। न तो समय पर सफाई हो रही है और न ही कूड़ा उठाया जा रहा है।”

स्थिति तब और चिंताजनक हो जाती है जब इस कूड़े और गंदगी के पास ही एक  मंदिर और सरकारी विद्यालय स्थित है। बच्चों के लिए स्कूल आना-जाना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया।

कांवड़ यात्रा के कारण सफाई प्रभावित, गांव में सफाई व्यवस्था कांवड़ यात्रा के बाद सुनिश्चित: ग्राम प्रधान रविंद्र

मानसून के मौसम में डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों की मांग है कि तत्काल प्रभाव से नालों की सफाई कराई जाए और कूड़ा उठान नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment