Search

“एक शाम स्व.सुरेंद्र पाल सिंह के नाम” काव्य गोष्ठी आयोजित

614 Views

 

खुर्जा: अदबी एकता कौंसिल के तत्वावधान में स्वर्गीय ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह की स्मृति में “एक शाम स्व. सुरेंद्र पाल सिंह के नाम” काव्य गोष्ठी का आयोजन शिकारपुर रोड स्थित धर्म ट्रेडर्स शोरूम पर किया गया। कार्यक्रम में गंगा-जमुनी तहज़ीब की झलक देखने को मिली, जिसमें क्षेत्र के नामचीन कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक बुद्धपाल सिंह “सजग” ने की, जबकि संचालन जी.पी. सिंह “सफर” ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र महाजन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में विनय राघव,ऐंन मीम कौसर, रमेश प्रसून और देवेंद्र देव मिर्ज़ापुरी शामिल रहे।

शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसे सुमन बहार ने प्रस्तुत किया, वहीं नाते पाक का पाठ डॉ.निज़ामी शैदा राही ने किया। कार्यक्रम के आयोजक नकुल जादौन ने सभी आगंतुकों और कवियों का स्वागत कर प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान कपिलश फाउंडेशन द्वारा हाल ही में साहित्य सेवा हेतु साहित्यिक भूषण सम्मान ” से सम्मानित जी पी सिंह “सफर” को विशेष रूप से मंच पर बधाई दी गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के सचिव आफ़ाक़ हाशमी और कोषाध्यक्ष महफूज़ इक़बाल की भूमिका सराहनीय रही।

काव्य पाठ के प्रमुख अंश:

  • बिछाए लाख कांटे दुश्मनों ने, ‘सफर’ इश्क़ ओ वफ़ा का कब रुका है” – जी पी सिंह ‘सफर’
  • “रिश्ते झूठे बनाता है, हक़ीक़त को छुपाता है, मतलबी हो गया इंसा इतना, गधे को बाप बनाता है” – बुद्धपाल सिंह ‘सजग’
  • “भाईयों में हो रहा है मशविरा, बाप को घर से निकाला जायेगा” – ऐंन मीम कौसर
  • “तुम संबंध निभाते रहना, मैं अनुबंधों में जी लूंगा” – देवेंद्र देव मिर्ज़ापुरी
  • “पेड़ ने खाए थे पत्थर, पेड़ के फल आपने, फिर उसी को किस्मत कहा आपने” – रमेश प्रसून
  • “परेशान क्यों है, खुदा को मना ले, तू करना इबादत नहीं जानता क्या” – अशफाक दानिश खुर्जावी

इसके अलावा मंच से सुमन बहार,हनीफ आरज़ू खुर्जवी,डॉ.साधना अग्रवाल “राधिका”, लियाक़त कमालपुरी, मेहरबान ताजिर,किरण प्रभा,पूनम शर्मा “रूद्राणी”, सतेंद्र वैरागी,वीरेंद्र चौहान “हूस”, सुरेंद्र सिंह शर्मा,लता महाजन (नोएडा), मनोज जादौन,जय किशन “जय”, मकसूद जालिब आदि ने भी श्रोताओं से खूब तालियाँ बटोरीं।

अंत में आयोजक नकुल जादौन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment