कर्नल रितेश पाल के निर्देशन में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस
सिकंदराबाद। नगर के कायस्थवाड़ा स्थित एम एस इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी सामाजिक सेवा एवं सामुदायिक विकास क्रियाकलापों (एस एस सी डी) के अन्तर्गत वार्षिक कार्यक्रमानुसार 40 उत्तर प्रदेश एनसीसी बटालियन सिकन्द्राबाद के कमान अधिकारी कर्नल रितेश पाल के दिशा निर्देशन में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम के शुभारम्भ के अवसर पर कैप्टन अतुल कुमार गौतम ने सीनियर डिवीज़न और जूनियर डिवीज़न के कैडेट्स के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को बताया कि भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। यह दिन 1928, 1932 और 1936 में भारत के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जिताने वाले विश्व प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद सिंह के जन्मदिन का प्रतीक है। उन्होंने अपने हॉकी करियर में लगभग 400 से अधिक गोल करके अंतर्राष्ट्रीय हॉकी क्षेत्र पर अपनी मुहर लगाई। वह भारतीय और विश्व हॉकी में एक महान हस्ती हैं। भारत में खेलों में जीवन भर की उपलब्धि के लिए सर्वोच्च पुरस्कार ‘मेजर ध्यान चन्द पुरस्कार’ है, जो प्रतिवर्ष 29 अगस्त को उनके जन्मदिन के अवसर पर दिया जाता है। राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन भारत के राष्ट्रपति मेजर ध्यान चंद खेल रत्न, अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार नामित लोगों को प्रदान करते हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रन फॉर फिटनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को जागरूक करने हेतु आयोजित दौड़ के कार्यक्रम को विद्यालय के प्रधानाचार्य सैय्यद गुलाम अस्करी नक़वी ने हरी झण्डी दिखाकर दौड़ के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर तृतीय ऑफिसर प्रशान्त भारद्वाज, डॉo फ़ारूक़ ख़ान, राममोहन वशिष्ठ, राजीव द्विवेदी, मौo रिज़वान ख़ान, रामनिवास यादव, डॉo माधव अग्रवाल, राजीव शर्मा, योगेन्द्र सिंह, मुकेश शर्मा, नगेन्द्रवीर सिंह और अन्य स्टॉफ ने मौज़ूद रहकर कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में सहयोग प्रदान किया।