सिकंदराबाद: विवेकानंद सरस्वती शिशु मंदिर, सिकंदराबाद में शनिवार को समरसता के पर्व के रूप में होली का त्योहार बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदना सत्र से हुई, जिसमें विद्यालय के आचार्य मनोज पांडेय ने होली पर्व की सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
इसके पश्चात छात्राओं ने मनमोहक नृत्य और भजन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल और हर्षोल्लास से सराबोर हो उठा। छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित भजन संध्या में पंडित जितेंद्र शर्मा की भजन प्रस्तुति ने सभी को भक्ति और उत्साह के रंगों में रंग दिया।
इस अवसर पर प्रबंध समिति के सह-प्रबंधक हिमांशु गर्ग, सदस्य प्रियंक मित्तल, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य रामकरन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रबंध समिति के सदस्यों ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य एकता माहेश्वरी ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
