प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुए स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत सिकंदराबाद के रामवाड़ा स्थित रामलीला ग्राउंड में विधायक लक्ष्मीराज सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष त्रिवेशराम गुप्ता व कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
सिकंदराबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी भाजपा संगठन द्वारा स्वच्छता सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसी कड़ी में बुधवार को सिकंदराबाद के रामवाड़ा स्थित रामलीला ग्राउंड में विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया।

अभियान में क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह और भाजपा नगर अध्यक्ष त्रिवेशराम गुप्ता ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उनके साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने मैदान की साफ-सफाई की और कचरा उठाकर निस्तारण किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि “स्वच्छ भारत अभियान सिर्फ सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जन आंदोलन है। हमें अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।”

नगर अध्यक्ष त्रिवेशराम गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में स्वच्छता के लिए जो जागरूकता आई है, वह एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पखवाड़े के दौरान हर वार्ड और हर मोहल्ले में सफाई अभियान चलाकर जनता को जोड़ा जाए।

कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई बांटी और संकल्प लिया कि 2 अक्टूबर तक विभिन्न जगहों पर सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया जाएगा।

इस मौके पर भाजपा के मंडल और नगर इकाई के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
