Search

सिकंदराबाद: भगवान राम के राजतिलक के साथ हुआ रामलीला का भव्य समापन

918 Views

सिकंदराबाद में 17 दिवसीय श्रीरामलीला का भव्य समापन भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ हुआ। बग्गी यात्रा, आरती, सांस्कृतिक झांकियां और जय श्रीराम के नारों से भक्तिमय माहौल।


सिकंदराबाद: श्री रामलीला कमेटी के तत्वाधान में श्री श्यामा श्याम ब्रज लोक लीला संस्था वृंदावन धाम द्वारा मंचित श्रीरामलीला का मंगलवार की रात्रि भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ भव्य समापन हुआ। लीला के 17वें दिन कलाकारों ने बड़े ही मनमोहक ढंग से राजतिलक प्रसंग का मंचन कर श्रद्धालुओं का हृदय जीत लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ चेंबर धर्मशाला से हुआ, जहां भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी बग्गी में विराजमान होकर बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण करते हुए कबाड़ी बाजार स्थित मंदिर भजनलाल पहुंचे। यहां भगवान राम, लक्ष्मण और भरत का मिलन हुआ, जिसके बाद सुंदर भजन संध्या का आयोजन किया गया और भगवान श्रीराम के राजतिलक की रस्में आरंभ हुईं।

मुख्य अतिथि योगेश्वर राज नागर, सुनीता नागर, क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह, श्रीरामलीला कमेटी के प्रधान पंडित सचिन शर्मा, चेयरमैन पंडित राकेश शर्मा, प्रबंधक राहुल गुप्ता, प्रभारी अरविंद दीक्षित व शिवम गोयल ने भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, गुरु वशिष्ठ और हनुमान जी की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात गुरु वशिष्ठ ने भगवान श्रीराम का तिलक किया, जिसके बाद सभी अतिथियों और पदाधिकारियों ने भगवान श्रीराम को तिलक अर्पित किया।

इस अवसर पर रामलीला कमेटी की ओर से मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। राजतिलक समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया — गणेश वंदना, रामलाल की झांकी और पंचमुखी हनुमान की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम स्थल श्रद्धालुओं की भीड़ से खचाखच भरा रहा। “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। मंच पर भगवान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान का दिव्य स्वरूप सभी को भाव-विभोर कर गया। लीला के संस्थापक पंडित नंदकिशोर शर्मा और व्यास पंडित दामोदर शर्मा ने भजनों के माध्यम से राजतिलक प्रसंग का वाचन किया।

अंत में रामलीला कमेटी की ओर से भगवान श्रीराम की बारात में आकर्षण का केंद्र रही झांकियों, लीला के कलाकारों और सहयोगियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

प्रभारी अरविंद दीक्षित ने सभी पदाधिकारियों और सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि “सभी के सामूहिक प्रयास से ही यह विशाल आयोजन श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ है।”

इस अवसर पर पंडित सचिन शर्मा, पंडित राकेश शर्मा, राहुल गुप्ता, जगदीश बजाज, अर्जुन वर्मा, लोकेश कौशल, संजीव गोयल, राकेश मोहन सर्राफ, शिवम गोयल, मनोज यादव, राधेश्याम सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में अरविंद दीक्षित ने मंच से सभी का आभार व्यक्त किया।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment