सिकन्द्राबाद में छेड़छाड़ के आरोपी तालिब की पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से गिरफ्तारी, अवैध असलहा भी बरामद।
सिकन्द्राबाद। मंगलवार देर रात सन्तपुरा नहर पुल के पास पुलिस चेकिंग के दौरान एक युवक की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह ग्राम बराल की दिशा से आकर पुलिस को देखकर नहर की पटरी की ओर भागने लगा।

पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल बुलंदशहर में भर्ती कराया गया।

घायल आरोपी की पहचान तालिब पुत्र साकिर, निवासी मोहल्ला गद्दीवाड़ा, थाना सिकन्द्राबाद के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार तालिब एक शातिर अपराधी है। मंगलवार को उसने मोहल्ला भाटियावाड़ा में स्कूल से लौट रही एक युवती से छेड़छाड़ और मारपीट की थी, जिसके संबंध में कोतवाली में मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
