सिकंदराबाद चौदस 2025 में अहंकारी रावण का भव्य दहन। भगवान राम और विधायक लक्ष्मी राज सिंह ने रावण के पुतले को आग के हवाले किया। देखें रामलीला का शानदार मंचन और असत्य पर सत्य की जीत का उत्सव।
सिकंदराबाद: नगर के मोहल्ला रामबाड़ा स्थित रामलीला मैदान में सोमवार की रात चौदस के अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के तत्वाधान में श्री श्यामा श्याम ब्रज लोक लीला संस्था, वृंदावन ने अहिरावण वध की लीला का शानदार मंचन किया।
इस अवसर पर विधायक लक्ष्मी राज सिंह और भगवान श्रीराम ने रावण के पुतले का विधिवत दहन कर असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक प्रस्तुत किया। रावण के पुतले में लगी आतिशबाजी ने दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया।
सिकंदराबाद में दशहरा पर्व के चार दिन बाद चौदस के मेले में रावण दहन का परंपरागत आयोजन होता है। रामलीला में भगवान राम, लक्ष्मण व हनुमान द्वारा अहिरावण और रावण का वध दर्शाया गया। मंदिर में राम लक्ष्मण को मुक्त कराने और रावण पर अंतिम विजय पाने का दृश्य खास आकर्षण रहा।
कार्यक्रम का संचालन अरविंद दीक्षित ने किया। मंच पर उपस्थित थे पंडित राकेश शर्मा, सचिन शर्मा, जगदीश बजाज, राकेश मोहन, मनोज यादव, संजीव आयुषी, राहुल गुप्ता, अर्जुन वर्मा, लोकेश कौशल, नितिन गर्ग एडवोकेट, मिंटू उपाध्याय, लोकेश सर्राफ, सोनू शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी। उपजिलाधिकारी दीपक कुमार पाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा, कोतवाल अनिल कुमार शाही और अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
रामलीला कमेटी के प्रभारी अरविंद दीक्षित ने बताया कि यह आयोजन असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है और चौदस के मेले में भारी भीड़ ने हिस्सा लिया।
