Search

नोएडा: युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर शुरू किया “पुश-अप इंडिया अभियान”

100 Views

नोएडा के “राम-राम वैलनेस क्लब” ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर “पुश-अप इंडिया अभियान” शुरू किया। 108 दिन तक रोजाना 108 पुश-अप लगाकर युवाओं ने स्वस्थ भारत, सशक्त भारत का संदेश दिया।


नोएडा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर नोएडा के “राम-राम वैलनेस क्लब” ने अनोखी पहल करते हुए “पुश-अप इंडिया अभियान” की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत क्लब के सदस्य लगातार 108 दिन तक हर दिन अलग तरह के 108 पुश-अप लगाते हैं और प्रत्येक पुश-अप के साथ “राम-राम” का उच्चारण करते हैं। अंत में 108 पुश-अप की एक प्रतीकात्मक पुष्पमाला प्रभु श्रीराम को अर्पित कर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की जाती है।

अभियान के संयोजक मनोज शर्मा ने बताया कि इसका उद्देश्य युवाओं में फिटनेस, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जगाना है। उन्होंने कहा कि अगर परिवार, समाज और देश को समृद्ध बनाना है तो सबसे पहले तन-मन से स्वस्थ होना जरूरी है। इसी संकल्प के साथ यह अभियान “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” की दिशा में शुरू किया गया है।

मनोज शर्मा ने चिंता जताई कि खराब जीवनशैली के चलते भारत में कैंसर, मधुमेह, लिवर-किडनी और हृदय रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाधान सिर्फ अस्पतालों की संख्या बढ़ाने में नहीं है, बल्कि लोगों को बीमारी से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने की जरूरत है। आयुर्वेद में भी कहा गया है कि “आरोग्यम् परमं धनम्” यानी आरोग्य ही सबसे बड़ा धन है।

अभियान के सहसंयोजक और राजनीतिक विश्लेषक गिरीश पाण्डेय ने कहा कि 75 वर्ष की आयु में भी प्रधानमंत्री मोदी की ऊर्जा और जीवनशैली प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि असल में उम्र से ज्यादा मायने आपकी ऊर्जा का है। भारत प्राचीन काल से ही दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए जाना जाता है, अब फिर से उसी संकल्प को जगाने की जरूरत है।

वरिष्ठ मीडियाकर्मी और अभियान के सदस्य प्रशांत गुप्ता ने कहा कि यह पहल “सेवा पखवाड़ा” जैसे अभियानों की तरह समाज में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का काम करेगी।

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “राम-राम वैलनेस क्लब” नोएडा के पार्कों और स्कूलों में जाकर विभिन्न कार्यक्रम और पुश-अप प्रतियोगिताएं आयोजित करेगा।

मनोज शर्मा ने लोगों से आह्वान किया कि मोदी जी के जन्मदिन पर भारत को ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ पुश-अप लगाइए और स्वस्थ भारत, सशक्त भारत मिशन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कीजिए।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Leave a Comment

Other News