सिकंदराबाद: आगामी त्योहार ईद और चैत्र नवरात्रि को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर सोमवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम दीपक कुमार पाल और क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने की। इस दौरान प्रशासन, पुलिस और नगर के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में त्योहारों की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
एसडीएम दीपक कुमार पाल ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की गलत अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने कहा कि नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें। किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें, समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि त्योहार भाईचारे का प्रतीक होते हैं, इसलिए सभी लोग एक-दूसरे के त्योहारों का सम्मान करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए जगह-जगह पुलिस तैनाती के निर्देश भी दिए।
कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार शाही ने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क पर बैठकर नमाज अदा नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति सड़क पर नमाज पढ़ता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर विशेष नजर बनाए हुए है और अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की लगातार गश्त जारी रहेगी।
बैठक के दौरान दादरी गेट चौकी इंचार्ज को ईदगाह के सामने खड़े ट्रकों को हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्देशों का पालन न करने पर चालान करने की चेतावनी भी दी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित ने ईदगाह पर पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं मौलाना आरिफ ने कहा कि ईदगाह की नमाज के समय की घोषणा सभी मस्जिदों से करा दी जाए, ताकि नमाजी समय पर पहुंचकर नमाज अदा कर सकें। साथ ही कुछ विकलांग व्यक्तियों को वाहन से ईदगाह तक पहुंचने की अनुमति देने की भी मांग की गई।
इस दौरान अरविंद दीक्षित ने नवरात्रि के दौरान सफाई, पानी और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त रखने की मांग की। उन्होंने बिजली विभाग से ढीले तारों को ठीक कराने की अपील भी की। साथ ही बच्चों को मोटरसाइकिल पर तीन या चार सवारी बैठाकर वाहन न चलाने की सलाह दी।
बैठक में एसडीएम दीपक कुमार पाल, क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा, कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार शाही, सभी चौकी इंचार्ज, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित, अरविंद दीक्षित, पिंकी वोहरा, नितिन जैन, प्रवीन सिंघल, निशांत गर्ग, रविंद्र शर्मा, सुरेश शर्मा, अशोक चौधरी, एजाजुद्दीन, इरफान, हाजी अब्दुल रहीम, आशिफ, सुमित गिरी, मनोज प्रधान, योगेंद्र चौधरी, सरफराज, सलीम, साहिल, रजत समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
