सिकंदराबाद में नवरात्र और रामलीला महोत्सव की तैयारियों को लेकर कोतवाली में धर्मगुरुओं और कमेटी पदाधिकारियों की बैठक हुई। रामलीला 21 सितंबर से 7 अक्टूबर तक और माँ दुर्गा की भव्य सवारी 1 अक्टूबर को निकलेगी। पुलिस प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।
सिकंदराबाद: आगामी नवरात्रों और श्रीरामलीला महोत्सव को लेकर कोतवाली प्रांगण में धर्मगुरुओं, कमेटी पदाधिकारियों व गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शांति व्यवस्था और नगर में निकलने वाले धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

रामलीला कमेटी के प्रभारी अरविंद दीक्षित ने बताया कि इस वर्ष 21 सितंबर 2025 से श्रीरामलीला का शुभारंभ होगा और इसका समापन 7 अक्टूबर 2025 को भगवान राम का राजतिलक के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा बनाकर कोतवाली प्रभारी को आमंत्रित भी किया गया।

वहीं माँ दुर्गा मंडल कमेटी के उपसचिव अक्षय कौल ने जानकारी दी कि 1 अक्टूबर 2025 को माँ दुर्गा की भव्य सवारी रोशन लाल धर्मशाला से निकलेगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई माधोदास बाजार स्थित दीक्षित अस्पताल पर सम्पन्न होगी।

बैठक में यह तय हुआ कि आयोजनों के दौरान नगर में शांति व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन से सहयोग लिया जाएगा।
इस मौके पर अरविंद दीक्षित, सचिन शर्मा, पंडित राकेश शर्मा, संजीव गोयल आयुषी, राहुल गुप्ता, अर्जुन वर्मा, लोकेश, पिंकी वोहरा, रविन्द्र शर्मा, कौशल अधाना, अक्षय कौल, सुमित वर्मा, पंकज गोयल, अजय शर्मा, सुशील कुमार, सुरेंद्र, विजय प्रधान, मनोज वर्मा, संतोष पांडेय, कार्तिक मिश्रा, मोहित शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में नगरपालिका से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। लोगों ने मांग की कि रामबाड़ा क्षेत्र में सफाई व सड़क निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए। इसके अलावा माता की ज्योति, भगवान राम की बारात, स्वर्णकार समाज द्वारा अष्टमी पर मातारानी का पंखा, मां दुर्गा की सवारी व रावण दहन जैसे आयोजनों के मद्देनज़र विशेष तैयारी की जाए। साथ ही पिंक टॉयलेट की व्यवस्था किए जाने पर भी जोर दिया गया।
