सिकंदराबाद: ईरान में चल रहे युद्ध का असर अब सिकंदराबाद की रसोई तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। गुरुवार सुबह शहर में रसोई गैस की बुकिंग नहीं होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात यह रहे कि गैस एजेंसियों और गोदामों पर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों को गैस नहीं मिल सकी।
प्रशासन की ओर से गैस की निर्बाध आपूर्ति और घर-घर डिलीवरी का दावा किया जा रहा है, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि मोबाइल के माध्यम से गैस की बुकिंग ही नहीं हो पा रही है। लोग दिनभर बुकिंग नंबर पर कॉल करते रहे, लेकिन बुकिंग दर्ज नहीं हो सकी।
गुरुवार को सिकंदराबाद के कई गैस गोदामों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ देखने को मिली। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग कर रखी थी, वे भी इस असमंजस में एजेंसियों पर पहुंच गए कि उन्हें गैस मिलेगी या नहीं।
कायस्थवाड़ा स्थित जतन भारत गैस एजेंसी पर सुबह आठ बजे से ही लोगों की लंबी लाइन लग गई थी। वहीं सिरोधन रोड स्थित साई भारत गैस एजेंसी पर भी इसी तरह का नजारा देखने को मिला।
जतन भारत गैस एजेंसी के मालिक विजय सिंह ने बताया कि उनके पास गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं।
