बुलंदशहर में कांग्रेस की संगठन सृजन समीक्षा बैठक व कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीतियों के खिलाफ शंखनाद करते हुए 2027 के पंचायत और विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य तय किया।
बुलंदशहर: संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस ने आगामी पंचायत और विधानसभा चुनाव 2027 में जीत का लक्ष्य तय करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मज़बूत बनाने का संकल्प लिया। सोमवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी बुलंदशहर की संगठन सृजन समीक्षा बैठक एवं कार्यशाला शिकारपुर बाईपास रोड स्थित एक निजी मैरिज होम में आयोजित की गई।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गाँव-गाँव, गली-गली जाकर पार्टी की विचारधारा और जनहितैषी नीतियों को आमजन तक पहुँचाएं और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करें।
मुख्य अतिथि जोन प्रभारी संजय कपूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का भविष्य कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण पर टिका है। उन्होंने कहा कि जब तक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं के साथ खड़े नहीं होंगे, तब तक संगठन मज़बूत नहीं होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में कांग्रेस यूपी में सरकार बनाएगी।
कॉर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक गजराज सिंह और अनिल यादव ने कहा कि संगठन सृजन अभियान पार्टी की रीढ़ है। यदि हर कार्यकर्ता जिम्मेदारी से जुटेगा तो बुलंदशहर से कांग्रेस का परचम लहराना तय है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को पार्टी की मज़बूती के लिए अहम बताया।
कॉर्डिनेटर नरेंद्र राठी और राष्ट्रीय प्रवक्ता निगहत अब्बास ने संगठन को ज़मीनी स्तर पर और अधिक मज़बूत करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्लॉक और नगर इकाइयाँ बूथ स्तर तक टीमों का गठन पूरा करें।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने कहा कि बुलंदशहर की जनता भाजपा सरकार की वादा खिलाफी और जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं ने जनता को परेशान किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया कि “हर गांव, हर कस्बे और हर मोहल्ले में कांग्रेस का झंडा बुलंद होना चाहिए।”
बैठक में शहर अध्यक्ष रवि लोधी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी शिवराम बाल्मिकी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, राकेश भाटी, प्रशांत बाल्मिकी, अनिल शर्मा, साजिद चौधरी, नितिन भटनागर, ज्ञानेंद्र राघव, शिवकुमार शर्मा, मिंटू चौधरी, आशु कुरैशी, विपुल कौशिक समेत अनेक नेताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, वीरेंद्र शर्मा एडवोकेट, मनीष चतुर्वेदी, ऋषि गौतम, मुकेश रजक, किशन चौधरी, विजय जैनवाल, प्रमोद कौशिक, कृष्ण मोहन सिंह, नितिन शर्मा, शकील अहमद, डॉ. शखावत, नरेश बाल्मिकी, इमरान फरीदी, हनीफ बेग, डॉ. सईद, मुनाजिम खान, राजेंद्र जाटव, पूजा चौधरी, आरजू, विमलेश बाल्मिकी, फिरोज खान, धर्मेंद्र सिरोही, रिक्की सिरोही आदि मौजूद रहे।
बैठक का संचालन आशु कुरैशी और प्रशांत बाल्मिकी ने किया।