सिकंदराबाद : कोतवाली क्षेत्र के बिलसुरी गांव में रविवार देर रात एनएच-34 पर हुए सड़क हादसे में सवारी का इंतजार कर रहे युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, जनपद बदायूं के गांव दादरा निवासी देवेन्द्र यादव पुत्र नेक्सी यादव दिल्ली जाने के लिए बिलसूरी गांव स्थित अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे पर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गांव बिलसूरी निवासी रोहित पुत्र जयकिशन सैनी बाइक से चंदेरू-बिलसूरी उपकेंद्र की ओर जा रहे थे। सामने से आ रही तेज रोशनी के कारण रोहित की बाइक देवेन्द्र से टकरा गई।

टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब 25 मिनट बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। बाद में परिजनों ने घायल रोहित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

काफी देर से पहुंची एंबुलेंस के जरिए देवेन्द्र को राजकीय संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दूसरी ओर हालत गंभीर होने पर रोहित को दिल्ली के लोकनायक अस्पताल रेफर किया गया है।
चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
[democracy id=”current”]
