बुलंदशहर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है,जहां सांप के काटने से मृत युवक को जिंदा करने की आस में परिजनों और ग्रामीणों ने उसके शव को रस्सी से बांधकर गंगा के पानी में लटका दिया। काफी देर बाद जब युवक जीवित नहीं हुआ तो लोगों ने उसका अंतिम संस्कार किया। अंधविश्वास की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव कुदैना जयरामपुर निवासी विजय सिंह दिल्ली में इनकम टैक्स विभाग में कार्यरत हैं। उनका सबसे छोटा बेटा 20 वर्षीय मोहित बीकॉम फाइनल का छात्र था और वह अनूपशहर महाविद्यालय में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक आगामी चार मई को उसका अंतिम पेपर था। लेकिन, उससे पहले ही उसकी जीवन लीला समाप्त हो गई।गत 26 अप्रैल को मतदान के दिन मोहित मतदान के बाद अपने खेतों पर गया था, जहां उसे सांप ने डस लिया। परिजनों को जानकारी मिली तो वह उसे अस्पताल ले गए। लेकिन, कोई लाभ नहीं होने पर दूसरे चिकित्सक से उपचार कराया गया। लेकिन, फिर भी कोई लाभ नहीं मिला। जिसके बाद कुछ लोगों ने मंगलवार सुबह परिजनों को राय दी कि सांप के काटने का जहर शव को प्रवाहित जल में रखने से उतर जाता है। जिसके बाद परिजनों ने गंगा नदी ले जाकर बहाव के साथ शव को बांधा, लेकिन सांस वापस न आने पर परिजनों ने शव को वहां से निकाल लिया। साथ ही बाद में उसका अवंतिका देवी गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक मोहित मेधावी छात्र होने के साथ बहुत ही मृदुभाषी था और पूरे गांव का दुलारा था। हर कोई उसकी मौत से दुखी है। उसके घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा है। मोहित की मां शाीला देवी, बहन राखी, सपना, भाई जीपी सिंह व जगेंद्रपाल सिंह का रो-रो कर बुरा हाल है। ढांढस बंधाने आ रहे लोग भी अपने आंसू रोक नहीं पा रहे हैं। मोहित की मौत को लेकर जहां पूरे गांव में मातम पसरा है। वहीं परिवार में कोहराम मचा है।

