सिकंदराबाद: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में सोमवार को हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगर के परशुराम चौक पर बांग्लादेश का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।

प्रदर्शन के दौरान हिंदू रक्षा दल ने भारत सरकार से बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही घटनाओं पर सख्त कदम उठाने की मांग की। संगठन की ओर से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भेजकर यह भी मांग की गई कि भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर किया जाए।

हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद वहां के हिंदू अल्पसंख्यकों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। मंदिरों को तोड़ा जा रहा है, घरों में आग लगाई जा रही है, लूटपाट और हत्याओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका कहना था कि हालात तेजी से 1971 जैसे बनते जा रहे हैं और वहां रह रहे हिंदुओं का जीवन संकट में है।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन को व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस प्रदर्शन में हिंदू रक्षा दल के हरेंद्र प्रजापति, अनुज कुमार, रोहित कुमार, सुच्चा (बिलासपुर), गौरव राणा और सोबिन कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
