किशनपुर: रविवार शाम गांव किशनपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाई वोल्टेज बिजली लाइन का तार अचानक टूट गया। हादसे के वक्त लाइन के नीचे करीब 20 बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। गनीमत रही कि टूटा हुआ तार दूसरी लाइन के जम्फर में अटक गया और ज़मीन से लगभग 6 फुट ऊपर ही लटक गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह बिजली लाइन वर्ष 1984 से आज तक नहीं बदली गई है। लंबे समय से लाइन जर्जर हालत में पड़ी है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और बच्चों के परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया।

किसान नेता बीरेंद्र कौशिक ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि यदि तार ज़मीन पर गिर जाता तो बड़ा जनहानि का हादसा हो सकता था। उन्होंने मांग की कि गांव की पुरानी और जर्जर बिजली लाइनों को तत्काल बदला जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द बिजली लाइन की मरम्मत व नई लाइन बिछाने की मांग की है।
[democracy id=”current”]
