Search

सिकंदराबाद: कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की दस्तक, जनजीवन प्रभावित

328 Views

सिकंदराबाद। शनिवार सुबह मौसम में अचानक आए बदलाव से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छा गया। आधी रात से शुरू हुआ कोहरा सुबह करीब आठ बजे तक बना रहा, जिससे आवागमन और खेती-किसानी पर असर पड़ा।

घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे-91 पर वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दृश्यता कम होने से अधिकांश वाहन चालक हेडलाइट जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

ग्रामीण इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। दिन का तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से गिरकर सुबह करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान में करीब 10 डिग्री की गिरावट से रात और सुबह के समय अत्यधिक ठंड पड़ रही है।

ठंड और कोहरे के चलते खेतों में काम करने वाले कई किसान सुबह के समय घरों में ही रहे। वर्तमान में किसान गेहूं, सरसों, आलू और सब्जियों की फसलों की सिंचाई, देखरेख और सुरक्षा में जुटे हुए हैं। वहीं, गेहूं की अगेती फसल के लिए भी सिंचाई का कार्य जारी है, लेकिन मौसम की मार से कृषि कार्य प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह-शाम कोहरा और ठंड का असर बना रह सकता है, ऐसे में वाहन चालकों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment