Search

बुलंदशहर: सड़क सुरक्षा अभियान में ‘यमराज’ का अनोखा संदेश, डीएम-एसएसपी ने बांटे हेलमेट

442 Views

बुलंदशहर के काला आम चौराहे पर सड़क सुरक्षा अभियान में डीएम और एसएसपी ने हेलमेट वितरित किए, जबकि ‘यमराज’ बने कलाकार ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य सुरक्षित ड्राइविंग और हेलमेट के महत्व को बढ़ावा देना रहा।


बुलंदशहर:  सड़क सुरक्षा को लेकर शनिवार को काला आम चौराहे पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया।

अभियान की सबसे खास झलक ‘यमराज’ की वेशभूषा में पहुंचे एक कलाकार रहे, जिन्होंने बिना हेलमेट चलने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर “छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।” उनका यह अनोखा अंदाज़ लोगों का ध्यान खींचता रहा और कई लोगों ने मौके पर ही हेलमेट पहनने का संकल्प लिया।

ट्रैफिक पुलिस ने भी हेलमेट वितरण के साथ वाहन चालकों को जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क हादसों में सिर की चोटें अधिकांश मामलों में मौत की वजह बनती हैं, इसलिए हेलमेट जीवन रक्षा का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

जिलाधिकारी श्रुति ने कहा कि “यातायात नियम लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। अपनी और परिवार की सुरक्षा के लिए हर व्यक्ति को हेलमेट जरूर पहनना चाहिए।” उन्होंने बताया कि प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन असली सुरक्षा तभी संभव है जब लोग खुद जागरूक बनें।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बाइक चालकों से बिना हेलमेट सड़क पर न निकलने की अपील की। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। जागरूकता ही हादसों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।

यह अभियान सड़क सुरक्षा को लेकर एक मजबूत संदेश छोड़ गया और लोगों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करता नजर आया।

इस अवसर पर एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एसपी देहात डॉ तेजवीर सिंह, एएसपी ऋजुल , सीओ ट्रैफिक पूर्णिमा सिंह सहित प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, फोर्टिस हॉस्पिटल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment