सिकंदराबाद: क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की और मामले को दबाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पिता मजदूरी करते हैं। घटना 25 अक्टूबर की है, जब पीड़िता घर के बाहर थी। पड़ोसी युवक ने लड़की को बहाने से रोककर नशीला पदार्थ पिलाया और गलत हरकत करने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी फरार हो गया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने सिर्फ खानापूर्ति की और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण तक नहीं कराया। इसके बजाय परिवार पर समझौते का दबाव बनाया गया और हस्ताक्षर करवा लिए गए।
परिवार ने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। पीड़िता वर्तमान में मानसिक तनाव से जूझ रही है।
