सिकंदराबाद: स्थानीय प्रतिभाशाली क्रिकेटर जतिन शर्मा का चयन अयोध्या में आयोजित होने वाली अयोध्या प्रीमियर क्रिकेट लीग में गोमती थंडर टीम के लिए हुआ है। इस चयन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में उत्साह का माहौल है।
यह क्रिकेट लीग 11 मार्च से 27 मार्च तक अयोध्या के बी.आर. अम्बेडकर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जतिन शर्मा पिछले लगभग पांच वर्षों से एम.एस. क्रिकेट अकादमी, सिकंदराबाद में कोच मोहित शर्मा के मार्गदर्शन में क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनकी कड़ी मेहनत और लगन के चलते उन्हें इस प्रतिष्ठित लीग में खेलने का अवसर मिला है।
जतिन शर्मा सिकंदराबाद के जेवर रोड के निवासी हैं। उनके चयन से परिवार, मित्रों और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई है कि वह अयोध्या प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
