सिकंदराबाद: जे.एस. डिग्री कॉलेज, सिकंदराबाद में बी.एड. सत्र 2025-26 के द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं हेतु आयोजित स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का द्वितीय दिवस उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। दूसरे दिन विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ सेवा भावना एवं अनुशासन का अभ्यास कराया गया।

प्रातःकाल योग एवं शारीरिक व्यायाम के पश्चात ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, टोली संचालन, अनुशासन प्रशिक्षण तथा सामाजिक सेवा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। प्रशिक्षकों ने विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा एवं दूसरों की सहायता के व्यावहारिक तरीके सिखाए।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर वैभव जैन ने कहा कि स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण भावी शिक्षकों में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करता है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होता है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ.गीता शेखावत ने किया, जबकि डॉ.वरुण त्यागी का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर डॉ.मुज्जफर हुसैन, डॉ.कृपा शंकर, डॉ.होशियार सिंह, डॉ.लोकेश, मयंक सक्सेना, दीपक द्विवेदी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
द्वितीय दिवस की गतिविधियों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। शिविर का उद्देश्य भावी शिक्षकों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान कर उन्हें जिम्मेदार, अनुशासित एवं सेवाभावी नागरिक बनाना है।
