सिकंदराबाद नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर अनुशासित पथ संचलन आयोजित हुआ। स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में राष्ट्रभक्ति गीतों की धुन पर कदमताल करते हुए हिंदू समाज को जाग्रत और संगठित करने का संदेश दिया।
सिकंदराबाद: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को नगर में भव्य पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ के सैकड़ों स्वयंसेवक अनुशासित पंक्तियों में सफेद शर्ट और खाकी पैंट की पूर्ण गणवेश धारण कर कदमताल करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों और गलियों से गुजरे।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरीश बस्ती से हुआ, जहां सभी स्वयंसेवक एकत्र हुए। राष्ट्रभक्ति गीतों की धुन पर निकला यह अनुशासित पथ संचलन नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना। स्वयंसेवक नगर भ्रमण के बाद पुनः हरीश बस्ती में एकत्र होकर कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 2 अक्टूबर को अपने स्थापना के 100वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इसी क्रम में संघ द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों और मंडल केंद्रों पर अनुशासित पथ संचलन आयोजित किए जा रहे हैं। संघ का उद्देश्य हिंदू समाज को जाग्रत एवं संगठित करना है, जिससे राष्ट्र की शक्ति और एकता को मजबूत किया जा सके।
सिकंदराबाद नगर में हुआ यह अनुशासित पथ संचलन समाज में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और संगठन के महत्व का संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
