सिकंदराबाद: कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
कोतवाली प्रभारी नीरज मलिक ने बताया कि बुधवार को कावरा रोड पर पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष कुमार निवासी ग्राम गैझा, जनपद मेरठ बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपी गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ लूट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
