सिकंदराबाद: गुरुवार 26 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे कोतवाली सिकंदराबाद परिसर में आगामी त्योहारों होली और रमजान के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी दीपक कुमार पाल ने की। इस दौरान कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार शाही व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.प्रदीप दीक्षित सहित समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखना रहा। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार शाही ने सभी से अपील की कि वे शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शराब पीकर डीजे बजाने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई असामाजिक तत्व या बाहरी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।

बैठक में मौजूद सभी वर्गों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं सूचना के बावजूद विद्युत विभाग और पीडब्ल्यूडी विभाग का कोई अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हुआ।
