सिकंदराबाद: गांव पचौता स्थित सिद्धधाम में होली पर्व के अवसर पर लगने वाले तीन दिवसीय मेले की तैयारियों का सोमवार दोपहर जिलाधिकारी श्रुति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
गांव पचौता में स्थित बाबा लाला जय सिंह, बाबा देवी दास, बावरी बाबा एवं बाबा गद्दी के मंदिरों में हर वर्ष होली पर भव्य मेला आयोजित होता है। सिद्धधाम की चमत्कारिक मान्यता के चलते यहां दूर-दूर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को चारों मंदिरों में सुगमता से दर्शन कराने के लिए आने-जाने के अलग-अलग मार्ग बनाए जाएं। मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा कंट्रोल रूम से सतत निगरानी रखी जाए।
डीएम एवं एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए। साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ा कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
सिकंदराबाद–चोला मार्ग पर मेले के मद्देनज़र ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। क्षेत्राधिकारी यातायात/क्राइम पूर्णिमा सिंह स्वयं मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेती रहीं। मेला मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद यातायात को सुचारू बनाए रखा गया।
इस अवसर पर सीओ सिकंदराबाद भास्कर कुमार मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
