Search

सिकंदराबाद: जेएस डिग्री कॉलेज में स्काउट-गाइड शिविर का चौथा दिन: तंबू निर्माण और फूड प्लाजा रहे आकर्षण का केंद्र

235 Views

सिकंदराबाद:  जे.एस. डिग्री कॉलेज में बी.एड. छात्र-छात्राओं हेतु आयोजित स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का चतुर्थ दिवस उत्साहपूर्ण एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। चौथे दिन छात्राओं द्वारा तंबू निर्माण का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया तथा फूड प्लाजा का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।

चतुर्थ दिवस की प्रमुख गतिविधियों में छात्राओं ने समूह बनाकर तंबुओं का निर्माण किया। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तंबू लगाने की विधि, उसकी मजबूती और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस अभ्यास से छात्राओं में आत्मनिर्भरता, सहयोग की भावना और टीम वर्क का विकास हुआ। तंबू निर्माण की प्रक्रिया को सभी ने अनुशासन और उत्साह के साथ पूरा किया।

इसके बाद आयोजित फूड प्लाजा में छात्र-छात्राओं ने देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को विविध संस्कृतियों और खान-पान की विशेषताओं से परिचित होने का अवसर मिला। व्यंजनों के जरिए अलग-अलग राज्यों की झलक देखने को मिली, जिससे शिविर का वातावरण रंगारंग और आनंदमय बन गया।

कार्यक्रम का निरीक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर वैभव जैन ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के रचनात्मक एवं सांस्कृतिक विकास में सहायक होते हैं। विभिन्न राज्यों के व्यंजनों के माध्यम से ‘एकता में विविधता’ का संदेश भी मिलता है।

शिविर का आयोजन डॉ.गीता शेखावत के निर्देशन में हुआ, जिसमें डॉ.वरुण त्यागी और अलका चौधरी का सहयोग रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर, अनुशासित और सेवाभावी नागरिक बनाना है।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News