बुलंदशहर में डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने यातायात माह का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान शुरू किया गया।
बुलंदशहर: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा नवंबर माह को “यातायात माह” के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी श्रुति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने यातायात माह का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित गोष्ठी में यातायात माह के अंतर्गत की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि जीवन अनमोल है, और इसकी सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना हम सबका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें लापरवाही से होती हैं, जिन्हें केवल जागरूकता और नियम पालन से रोका जा सकता है।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि—
- बाइक चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट का प्रयोग करें,
- शराब पीकर वाहन न चलाएं,
- मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग से बचें,
- ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन संचालन न करें।
एसएसपी ने सर्दियों में कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कोहरे में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से दुर्घटनाएं बढ़ती हैं, इसलिए वाहन को सुरक्षित स्थान पर ही पार्क करें। हाइवे पर केवल निर्धारित कट से ही वाहन मोड़ें और रिफलेक्टिव टेप लगवाना सुनिश्चित करें।

नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ई-रिक्शा को निर्धारित रूट पर ही संचालित कराया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी श्रुति ने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज जितनी मौतें बीमारियों से नहीं होतीं, उससे कहीं अधिक सड़क दुर्घटनाओं में होती हैं। इसलिए वाहन चालकों को नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने स्कूली बच्चों से अपील की कि वे अपने परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
डीएम ने कहा कि पुलिस-प्रशासन द्वारा समय-समय पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, फिर भी जो लोग नियमों का उल्लंघन करते हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम में एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह, एसपी अपराध सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
