सिकंदराबाद: भारतीय किसान यूनियन (शंकर) ने बुधवार दोपहर तहसील परिसर में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। धरने में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर चौधरी, अमरोहा संरक्षक धर्मवीर नागर, संभल जिलाध्यक्ष आर.के. बाबू भी मौजूद रहे।

संगठन ने मांगपत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि तहसील में बिना लेन-देन किसानों के कार्य नहीं हो रहे हैं। विरासत दर्ज, दाखिल-खारिज, पैमाइश, धारा 24, 80, 98, 76 सहित लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई। किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतों को दूर करने की भी बात कही गई।

इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों से निकलने वाले गंदे पानी और चिमनियों से उठ रहे धुएं को लेकर भी किसानों ने नाराजगी जताई। किसानों का कहना है कि इससे क्षेत्र का AQI खराब हो रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
एनएच-34 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, स्ट्रीट लाइट व एंबुलेंस सुविधा की व्यवस्था तथा सोसाइटी और खरीद केंद्रों पर बायोमेट्रिक मशीनों में कनेक्टिविटी की समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर चौधरी ने तहसीलदार राकेश कुमार मौर्य को मांगपत्र सौंपते हुए कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन को तेज करेगा। तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों को बुलाकर मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए कुछ समय मांगा है।
धरने में जिलाध्यक्ष नरेंद्र अधाना, मीडिया प्रभारी रविंद्र कुमार, विशाल, राजेश, इकराम, दिनेश, ईशान, राहुल, नौशाद, गजेंद्र, इमरान, अश्वनी सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
