Search

सिकंदराबाद: मां दुर्गे की भव्य सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब

142 Views

124 झांकियों और आकर्षक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

पंचमुखी हनुमान, बाबा महाकाल, राधावल्लभ दरबार और मां काली के अखाड़े रहे आकर्षण का केंद्र, ढोल-बैंड की धुन पर झूमे श्रद्धालु


सिकंदराबाद: नगर में मां दुर्गा मंडल के तत्वावधान में सोमवार की रात्रि मां दुर्गा की भव्य सवारी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। धार्मिक झांकियों, ढोल-बैंड, शहनाई, डीजे और मां काली के अखाड़ों से सजी शोभायात्रा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होकर निकली शोभायात्रा में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। माता रानी के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

भगवान गणेश की आरती और नारियल फोड़कर हुआ शुभारंभ

शोभायात्रा का शुभारंभ रोशन लाल मित्तल की धर्मशाला से किया गया। भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष आरती और नारियल फोड़कर मां दुर्गा मंडल के चैयरमेन पंडित सचिन शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान, देवेंद्र सोलंकी, त्रिवेश राम गुप्ता और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

124 आकर्षक प्रस्तुतियों से सजी शोभायात्रा

मां दुर्गा मंडल की ओर से आयोजित शोभायात्रा में कुल 124 प्रस्तुतियों और आकर्षणों का समावेश किया गया। भगवान गणेश की झांकी के साथ शुरू हुई शोभायात्रा में मेहंदीपुर बालाजी, आदियोगी, बैल पर विराजमान भगवान कृष्ण, पंचमुखी हनुमान, जुगल जोड़ी सरकार, अघोरी झांकी, चामुंडा मैया, नीम करौली बाबा, लक्ष्मी-नारायण, द्रौपदी चीरहरण, महाकाल महादेव और राधावल्लभ दरबार सहित अनेक मनोहारी झांकियां शामिल रहीं।

माता रानी के भव्य भवन में विराजमान शेरावाली माता के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। इसके अलावा राजस्थानी लोकनृत्य, मैया के शेर, शहनाई और आकर्षक साज-सज्जा से सुसज्जित झांकियों ने शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाई।

पंचमुखी हनुमान और बाबा महाकाल की झांकियों ने खींचा ध्यान

शोभायात्रा में पंचमुखी हनुमान, जुगल जोड़ी सरकार, बाबा महाकाल, विष्णु भवन, मेहंदीपुर बालाजी और चामड़ मैया की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं राधावल्लभ दरबार, मां काली के अखाड़े, युद्ध मंडल और माता रानी के भव्य भवन को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु धार्मिक झांकियों के दर्शन करते हुए माता रानी के जयकारे लगाते नजर आए।

मां काली के अखाड़ों में युवाओं ने दिखाए करतब

शोभायात्रा में शामिल मां काली के अखाड़ों ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। अखाड़ों में युवाओं ने तलवारबाजी और लाठी-डंडों से हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। ढोल-बैंड और डीजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरके। नगर के प्रमुख बाजारों में जगह-जगह शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक आयोजन में भाग लिया।

प्रमुख बाजारों से होकर मंदिर पर संपन्न हुई शोभायात्रा

मां दुर्गा की भव्य सवारी रोशन लाल मित्तल की धर्मशाला से शुरू होकर दनकौर तिराहे से चौधरीवाड़ा, वैधवाड़ा, बड़ा बाजार, हनुमान चौक और कबाड़ी बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसके बाद बाजार माधोदास स्थित मंदिर भजनलाल पर शोभायात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ और धार्मिक उत्साह देखने को मिला।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

शोभायात्रा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अजेय, यातायात क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार शाही, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद प्रेमसुख दरिया, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह और यातायात निरीक्षक राजपाल तोमर पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। शोभायात्रा के शुभारंभ से समापन तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ को नियंत्रित रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद दिखाई दिए।

डीजे की आवाज को लेकर प्रशासन के निर्देशों के पालन पर उठे सवाल

शोभायात्रा से पहले सोमवार दोपहर कोतवाली परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद प्रेमसुख दरिया ने मां दुर्गा मंडल समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर डीजे संचालन को लेकर दिशा-निर्देश दिए थे। बैठक में निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने और तेज बेस पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद शोभायात्रा के दौरान दनकौर तिराहे पर कसाना डीजे पर करीब आधे घंटे तक तेज आवाज और बेस के साथ संगीत बजने की बात सामने आई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते नजर आए। प्रशासन की ओर से पहले ही ध्वनि नियंत्रण को लेकर निर्देश दिए जाने के मद्देनजर यह मामला चर्चा में रहा। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment