सिकंदराबाद: समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को नगर में भारी रोष देखने को मिला। सर्व समाज के लोगों ने खुर्जा गेट पुलिस चौकी के निकट स्थित राधा कृष्ण मंदिर पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने राजकुमार भाटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जुलूस निकालते हुए दनकौर रोड पहुंचे, जहां उनका पुतला फूंका गया। इस दौरान लोगों ने टिप्पणी को समाज विशेष की भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई।

इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग सिकंदराबाद कोतवाली पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने राजकुमार भाटी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि किसी भी समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस ने ज्ञापन लेकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
