Search

सिकंदराबाद: कूड़े का पहाड़ बना आफत, जहरीले धुएं से भड़के ग्रामीण

10 Views

सिकंदराबाद: नगर के जेवर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड अब कूड़े के पहाड़ में तब्दील हो चुका है। इस पहाड़ से निकल रहा जहरीला धुआं आसपास के गांवों के लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। शनिवार सुबह जौली और मल्हपुर गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने डंपिंग ग्राउंड पर जमकर हंगामा कर दिया।

ग्रामीणों ने नगर पालिका की कूड़ा ढोने वाली गाड़ियों को मौके पर रोक दिया और कूड़ा डालने नहीं दिया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों ने मांग की कि कूड़े के पहाड़ में लगी आग से निकल रहे जहरीले धुएं का तत्काल निस्तारण कराया जाए।

अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले ही उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है और आधुनिक मशीनें उपलब्ध होते ही कूड़े के पहाड़ का निस्तारण शुरू कर दिया जाएगा। लेकिन यह जवाब सुनकर ग्रामीण और भड़क गए और मौके पर ही तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।

ग्रामीणों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि किसानों पर पराली जलाने पर कार्रवाई होती है, लेकिन कूड़े के इस पहाड़ से फैल रहे प्रदूषण पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की शिकायत पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों, एसडीएम दीपक पाल और डीएम बुलंदशहर से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इस दौरान प्रदीप बसोया, कृष्ण मावी, अंकित प्रधान, अनुज प्रधान, सचिन मावी, चिंटू मल्हपुर, कपूर मावी समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment