सिकंदराबाद: सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते जल व वायु प्रदूषण तथा बंद पड़ी पानी की टंकियों को चालू कराने की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन के जिला अध्यक्ष सुशील प्रधान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार राकेश कुमार मौर्य को सौंपा।
इस दौरान संगठन की कोर कमेटी के प्रमुख सदस्य चौधरी प्रेमराज भाटी ने बताया कि जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र के 10 से 12 गांवों का भूजल पूरी तरह दूषित हो चुका है। सरकारी हैंडपंपों से निकलने वाला पानी पीने योग्य नहीं है। उन्होंने बताया कि लगभग एक माह पूर्व भी संगठन द्वारा इस समस्या को लेकर प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद भूजल विभाग व अन्य संबंधित विभागों ने नालों से पानी के सैंपल लिए, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।
जिला अध्यक्ष सुशील प्रधान ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के गांवों में पानी की टंकियां स्थापित तो की गई हैं, लेकिन वे केवल शोपीस बनकर रह गई हैं। ग्रामीणों को इन टंकियों से एक बूंद पानी तक नहीं मिल पा रहा है। जहां पाइपलाइन चालू है, वहां भी पानी प्रत्येक घर तक नहीं पहुंच रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की केमिकल फैक्ट्रियों द्वारा रासायनिक युक्त पानी खुले नालों में छोड़ा जा रहा है, जिससे लगातार भूजल दूषित हो रहा है। संगठन ने जल व वायु प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दोषियों पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान जीते अधाना, राजवीर अधाना, शिवा अधाना, नानकचंद, मोहित अधाना, राजकुमार पहलवान, नीरज भड़ाना, मलखान सिंह यादव, जमन सिंह, सुभाष यादव, गजेंद्र यादव, उधम सिंह, झम्मन सिंह, शादीराम कपिल, चौधरी राजेश्वर गुप्ता, हुकम सिंह, नरेश यादव, सुनील कुमार, डॉ. मुकेश अधाना सहित कई लोग मौजूद रहे।
