सिकंदराबाद में 6 साल की बच्ची से गैंगरेप के बाद हत्या, शव तीसरी मंजिल से फेंका। पुलिस एनकाउंटर में दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से गिरफ्तार
सिकंदराबाद: दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बच्ची के शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। वारदात के महज साढ़े छह घंटे के भीतर पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों आरोपियों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।

घटना थाना औद्योगिक क्षेत्र, सिकंदराबाद की है। बच्ची का परिवार मूल रूप से फिरोजाबाद का रहने वाला है। पिता करीब 10 महीने पहले रोजगार की तलाश में सिकंदराबाद आए थे और एक फैक्ट्री में काम करते हैं। परिवार दो महीने पहले ही तीन मंजिला इमारत में किराए पर शिफ्ट हुआ था।
खेलते समय उठा ले गए आरोपी
शुक्रवार शाम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले राजू और वीरू उसे बहला-फुसलाकर अपने कमरे में ले गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने बच्ची के साथ जबरदस्ती की। बच्ची के चिल्लाने पर तकिए से उसका मुंह दबा दिया गया। गला दबाने से उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
शव फेंकते समय देख लिया गया
आरोपियों ने बच्ची के शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। इसी दौरान बच्ची के पिता के दोस्त ने उन्हें देख लिया। उन्होंने तुरंत बच्ची के पिता और पुलिस को सूचना दी। बच्ची को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम में रेप की पुष्टि
शनिवार तड़के पोस्टमॉर्टम किया गया। रिपोर्ट में गले की हड्डी टूटने, शरीर में कई फ्रैक्चर, जगह-जगह खरोंच और प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट की पुष्टि हुई है।
मुठभेड़ में गिरफ्तारी
ASP ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि SSP के निर्देश पर तीन पुलिस टीमें गठित की गईं। सूचना मिली कि आरोपी कांवरा रोड स्थित कॉलोनी में छिपे हैं। शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से दो तमंचे बरामद किए गए।

आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- राजू पुत्र राधेश्याम, निवासी भगवानपुर, बलरामपुर
- वीरू कश्यप पुत्र रमेश कश्यप, निवासी गोला गौरखनाथ, लखीमपुर खीरी
के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल कर लिया है।

पिता का दर्द
बच्ची के पिता ने कहा, “मैं काम की तलाश में इस शहर में आया था। नहीं पता था कि मेरी बेटी के साथ ऐसा होगा। मेरी लाडली के हत्यारों को फांसी मिलनी चाहिए। अब बस 3 साल का बेटा ही सहारा है।”
SSP का बयान
SSP दिनेश कुमार सिंह ने कहा, “पोस्टमॉर्टम में रेप की पुष्टि हुई है। आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”
