सिकंदराबाद में कौशांबी डिपो की अनियंत्रित बस दादरी गेट पुलिस चौकी की दीवार से टकरा गई। हादसे में ठेला लगाने वाली महिला इंदिरा की मौत हो गई, जबकि चालक को अचानक चक्कर आने से नियंत्रण खोने की बात सामने आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिकंदराबाद: कौशांबी डिपो की बस अनियंत्रित होकर दादरी गेट पुलिस चौकी की दीवार में जा घुसी। हादसा इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बुलंदशहर की तरफ से आ रही थी और गाजियाबाद की दिशा में जा रही थी, तभी चालक को अचानक चक्कर आ गया, जिसके चलते बस नियंत्रण खो बैठी और सीधा चौकी की दीवार से टकरा गई।

दीवार के पास रोज़ाना कई लोग बस का इंतज़ार करते हैं और कुछ स्थानीय लोग अपना दुकान लगाकर सामान बेचते हैं। हादसे के समय भी वहां भीड़ मौजूद थी। दीवार के समीप सामान बेचने वाली महिला इंदिरा बस की चपेट में आ गई, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय भीड़ अधिक होती तो बड़ा हादसा होने की पूरी आशंका थी। गनीमत रही कि बस दीवार से टकराकर रुक गई, जिससे कई जानें बच गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि बस में किसी तकनीकी खराबी की भूमिका रही या पूरी तरह चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से हादसा हुआ।
