समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की तृतीय पुण्यतिथि ग्राम सनौटा के श्री कृष्णा फार्म हाउस में हवन-पाठ के साथ मनाई गई। समाजवादियों ने उनके योगदान और विचारों को याद कर श्रद्धांजलि दी।
सिकंदराबाद : समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री भारत सरकार व उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव की तृतीय पुण्यतिथि पर ग्राम सनौटा स्थित श्री कृष्णा फार्म हाउस में श्रद्धांजलि सभा, हवन और पाठ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के कोने-कोने से आए बुजुर्गों, नौजवानों और किसानों ने नेताजी के समाज के शोषित, पिछड़े, किसान और नौजवान वर्गों के लिए किए गए कार्यों को याद किया।

कार्यक्रम में बोलते हुए विनय शर्मा ने कहा कि “10 अक्टूबर 2022 को हमने नेताजी को खो दिया, लेकिन उनके विचार और योगदान आज भी हमारे बीच जीवित हैं।” उन्होंने बताया कि मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। एक साधारण किसान परिवार से निकलकर उन्होंने राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और समाजवादी पार्टी की स्थापना की।

वे तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री रहे। उनका जीवन पिछड़े वर्गों, किसानों, मजदूरों और अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
वे ‘नेताजी’ के नाम से लोकप्रिय थे और हमेशा सामाजिक न्याय की आवाज बुलंद करते रहे।

