सिकंदराबाद में श्रीरामलीला कमेटी के तत्वाधान में भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। डेढ़ दर्जन झांकियों, माँ काली अखाड़ों और भगवान श्रीराम के अलौकिक दरबार ने भक्तों का मन मोह लिया। विधायक लक्ष्मी राज सिंह, MLC श्रीचन्द शर्मा और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सिकंदराबाद: श्रीरामलीला कमेटी के तत्वाधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात नगर में बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में ढोल-नफीरी, बैंडबाजों और DJ की धुन पर भक्त थिरकते नजर आए, वहीं करीब डेढ़ दर्जन से अधिक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
जगन्नाथ जी, बांके बिहारी लाल, रानी सती की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। माँ काली के अखाड़े, नौ देवी की झांकी और भव्य श्रीराम का दरबार शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बने। फूलों से सजे रथ पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न विराजमान रहे।
राम बारात का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह व रामलीला कमेटी के प्रधान पंडित सचिन शर्मा ने गणेश जी की आरती और नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर MLC श्रीचन्द शर्मा, सांसद प्रतिनिधि सुरेश चंद्र शर्मा, रामलीला कमेटी के प्रधान सचिन शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
रामबारात विजयद्वार, चौधरीवाड़ा, बड़ा बाजार, हनुमान चौक होते हुए कबाड़ी बाजार स्थित भजनलाल मंदिर पर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा के दौरान नगर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस बल भारी संख्या में तैनात रहा।

