Search

सिकंदराबाद: रामलीला में हुआ ताड़का बध, सुबाहु वध एवं अहिल्या तरण की लीला का मंचन लीला को देख मंत्रमुग्ध हो गए दर्शक

909 Views

सिकंदराबाद: नगर के मोहल्ला रामबाड़ा स्थित रामलीला मैदान में बुधवार की रात रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला में धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव से परिपूर्ण लीलाओं का मंचन हुआ। श्री श्यामा श्याम ब्रजलोक लीला संस्था, वृंदावन धाम के कलाकारों ने मंच पर ताड़का बध, सुबाहु वध एवं अहिल्या उद्धार की दिव्य लीलाओं का जीवंत मंचन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद दीक्षित ने किया।

लीला मंचन में गुरु विश्वामित्र का आगमन हुआ, जिन्होंने महाराज दशरथ से अपने यज्ञ की रक्षा हेतु राम और लक्ष्मण को साथ ले जाने का आग्रह किया। प्रारंभ में दशरथ ने अपने पुत्रों को भेजने से इनकार किया, लेकिन गुरु वशिष्ठ के समझाने पर उन्होंने सहमति दे दी। इसके बाद मार्ग में राम ने राक्षसी ताड़का का वध कर धर्म की स्थापना की। तत्पश्चात सुबाहु वध की लीला का मंचन हुआ, जिसमें प्रभु श्रीराम ने यज्ञ को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

इसके बाद अहिल्या उद्धार की लीला प्रस्तुत की गई। कथा के अनुसार, ऋषि गौतम के श्राप से पत्थर बनी अहिल्या को प्रभु श्रीराम के चरण स्पर्श से पुनः नारी रूप प्राप्त हुआ। इस प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंचन के दौरान गौतम ऋषि और उनकी पुत्री अंजना से जुड़ी कथा भी दिखाई गई, जिसमें हनुमान जन्म की भविष्यवाणी का भावपूर्ण चित्रण किया गया।

लीला के अंत में राजा जनक द्वारा आयोजित सीता स्वयंवर का निमंत्रण विश्वामित्र को भेजे जाने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस प्रसंग के साथ मंचन का समापन हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक आरती से हुई, जिसमें अरविंद दीक्षित, सुशील सर्राफ, जगदीश बजाज, शिवम गोयल और संजीव गोयल (आयुषी) ने भाग लिया। लीला में लोकेश सर्राफ, राकेश मोहन सर्राफ, राहुल गुप्ता, संजीव कुमार (आचार्य), अर्जुन वर्मा, मिंटू उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति रस में डूबकर लीलाओं का आनंद लिया।


[democracy id=”current”]

Spread the love

Leave a Comment

Other News