बुलंदशहर के बाबू बोधराज कॉन्वेंट स्कूल के होनहार छात्रों ने कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर नेशनल टीम में स्थान बनाया।
सिकंदराबाद: रेलवे रोड स्थित बाबू बोधराज कॉन्वेंट (बीबीसी) स्कूल के होनहार छात्र-छात्राओं ने कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
वंशिका खटाना (कक्षा 10), श्रेया शर्मा (कक्षा 6), काव्या सिंह (कक्षा 4), वेदांश चौधरी (कक्षा 4) और कुनाल चौधरी (कक्षा 6) ने अपने बेहतरीन खेल से सभी को पटखनी देते हुए नेशनल कराटे प्रतियोगिता में जगह बनाई।
प्रतियोगिता का आयोजन श्री राजेन्द्र सिंह इंटरनेशनल स्कूल, अलीगढ़ में अलीगढ़ जिला ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में हुआ। प्रतियोगिता में दूर-दराज से आए 36 स्कूलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बीबीसी स्कूल के छात्रों ने दो-दो राउंड खेलते हुए लगातार विजय हासिल की और शानदार प्रदर्शन किया।
कोच कैप्टन सत्या ने बताया कि कड़ी मेहनत और लगन का परिणाम रहा कि सभी खिलाड़ियों का चयन नेशनल प्रतियोगिता के लिए हो गया है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर वंशिका खटाना, वेदांश चौधरी, काव्या सिंह और श्रेया शर्मा को आरएएफ 104 बटालियन के कमांडर विनोद कुमार ने गोल्ड मेडल से सम्मानित किया, वहीं कुनाल चौधरी को रजत पदक से नवाज़ा गया।
इस अवसर पर बुलंदशहर कराटे एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी कुर्वान खान और अलीगढ़ कराटे एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी वसीम खान भी उपस्थित रहे।
विद्यालय के डायरेक्टर राम चोपड़ा ने छात्रों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी वे निरंतर मेहनत कर रहे थे, जिसका नतीजा आज सामने है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
एकेडमिक डायरेक्टर विभा चोपड़ा ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनकी मेहनत की सराहना की। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य जसविंदर सिंह ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए और अधिक सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
अब यह सभी खिलाड़ी आगामी नवंबर माह में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में बीबीसी स्कूल और बुलंदशहर का प्रतिनिधित्व करेंगे।
